
रायपुर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान के प्रदेश प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निवास पर दिल्ली में हुई। बैठक में संगठनात्मक विषयों पर और चुनाव तैयारियों की समीक्षा की गयी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने तीनों प्रदेश अध्यक्षों को महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिया है। इस बैठक में छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, मध्यप्रदेश के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया, राजस्थान के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल, मध्यप्रदेश प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, राजस्थान के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट उपस्थित थे।
राहुल गांधी राज्यों में 2018 में होने वाले चुनाव के संबंध में भी उनसे जानकारी ली है। इस बार कांग्रेस का केन्द्रीय नेतृत्व सीधे तौर पर चुनाव में अपनी भागीदारी निभाएगा। इन तीनों राज्यों में से दो में कांग्रेस सालों से सत्ता से दूर है, इसलिए छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश पर खासा ध्यान दिया जा रहा है। पार्टी इस पर दोनों राज्यों में सत्ता पर काबिज होना चाहती है। इसके अलावा राजस्थान जैसे बड़े राज्य में भी कांग्रेस सत्ता पर फिर काबिज होने की जुगत लगा रही है। राहुल गांधी ने सभी प्रदेशाध्यक्षों से चुनावी रणनीतियों के बारे में भी पूछा।
यह भी देखे – वीडियो वायरल, विधायक पर लोगों ने फेंका कीचड़