रायपुर। राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अब राहत की खबर निकलकर सामने आई है। मौसम विभाग ने कल दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल तट पर दस्तक देने का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। इधर प्रदेश में भी इसकी आहत अब महसूस की जा रही है।
प्रदेश के ऊपर एक चक्रीय चक्रवाती घेरा बना हुआ है। इसके चलते कल राज्य के सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर मेघ-गर्जन के साथ अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान में फिलहाल अब कोई बदलाव होने की संभावना भी नहीं दिख रही है।
मौसम विभाग से जारी पूर्वानुमान के अनुसार एक चक्रीय चक्रवाती घेरा मध्य छत्तीसगढ़ के ऊपर 2.1 किलोमीटरर की ऊंचाई पर स्थित है। इसके अलावा एक द्रोणिका दक्षिण पूर्व राजस्थान से लेकर मध्य छत्तीसगढ़ तक ऊपरी हवा में 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर बन गई है।
कल दिनांक 01 जून को कुछ स्थानो पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना बन गई है। मौसम विभाग ने आगामी चौबीस घंटों के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि प्रदेश के सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा।
इधर केन्द्रीय मौसम विभाग ने भी दक्षिण-पश्चिम मानसून के कल केरल तट पर दस्तक देने का पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि आने वाले चौबीस घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल तट पर दस्तक देगा। वर्तमान में मानसून अपने निर्धारित गति से आगे बढ़ रहा है। बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र भी बन रहा है।
इसके चलते मानसून को आगे बढऩे के लिए अनुकूल परिस्थितियां मिल रही है। परिस्थितियां अनुकूल रही तो इस वर्ष मानसून अपने निर्धारित समय पर पूरे देश में दस्तक देगा। बहरहाल मानसून सक्रिय होकर जल्द ही केरल तट पर दस्तक देने वाला है और आगामी 15 जून तक बस्तर के रास्ते छत्तीसगढ़ में भी दस्तक देगा।
Add Comment