रायपुर। नवतपा शुरूआत में ही रंग दिखाना शुरू कर दिया है। नवतपा के चलते पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। तेज धूप से जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। चिलचिलापी धूप और प्रचंड गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। प्रदेश के कई इलाकों में लू चल रही है।
सोमवार से नवतपा शुरू हुआ। आज दूसरा दिन है। नवतपा का पहला और दूसरा दिन प्रचंड गर्मी के साथ खूब तपा। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म-शुष्क हवा के असर से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में तापमान तेजी से ऊपर चढ़ गया है। राज्य के लगभग सभी प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान का आंकड़ा 44 से लेकर 45.6 डिग्री के मध्य दर्ज किया गया है।
इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। हालांकि गत सप्ताह आए समुद्री तूफान के चलते तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई थी। लेकिन तूफान के गुजरने के बाद से ही तापमान में तेजी से इजाफा दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के जिलों में आगामी दो दिनों तक भीषण गर्मी के साथ लू चलने की चेतावनी जारी कर दी है।
मौसम विभाग ने बताया कि गर्मी अब अपने पीक लेवल पर आ गया है, लिहाजा तापमान में अब कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। तापमान में एकात डिग्री का ही फर्क आ सकता है, इसके अलावा प्रदेश में फिलहाल मौसम का मिजाज शुष्क बना रहेगा।
Add Comment