छत्तीसगढ़सियासतस्लाइडर

मतदान खत्म, बयानबाजी नहीं… मरकाम ने कहा- सभी 15 शहरों में कांग्रेस के पक्ष में हुआ मतदान, भाजपा नेताओं को बताया चला हुआ कारतूस…

छत्तीसगढ़ के 15 शहरों में आम चुनाव और 14 शहरों के 17 वार्डों में हो रहे उप चुनाव में मतदान खत्म हो गया है। राजनीतिक बयानबाजी अब भी जारी है। अब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने दावा किया है चुनाव में मतदाताओं ने कांग्रेस के पक्ष में वोटिंग की है। उन्होंने कहा, नगरीय निकाय चुनाव परिणाम भाजपा की बोलती बंद कर देंगे।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, जनता के उत्साह से स्पष्ट है कि भूपेश सरकार के 3 साल के कामों के ऊपर मुहर लगाई है। लोगों ने अपने निकाय क्षेत्रों में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया है। चार नगर निगमों सहित सभी 15 निकायों में जनता ने कांग्रेस के महापौर और अध्यक्ष बनाने के लिये मतदान किया है। इन चुनावों के परिणाम भाजपा की बोलती बंद कर देंगे।

जिस तरह विधानसभा चुनाव, नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण, पंचायतीराज चुनाव, दंतेवाड़ा और मरवाही उपचुनाव में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी वैसे ही इस चुनाव में भी भाजपा का सफाया तय है। जनता ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के तीन साल के कामकाज पर अपनी संतुष्टि और विश्वास की मुहर लगा दी है।

भाजपा के स्थानीय नेताओं को बताया चला हुआ कारतूस
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, छत्तीसगढ़ भाजपा के चले हुए कारतूस काम नहीं आये तो उसके केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी को सड़क पर उतार दिया। वे भी भूपेश बघेल सरकार के कामों की आंधी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसलों के तूफान में उड़ गए। राज्य की जनता ने तीन साल पहले डॉ. रमन सिंह का सत्ता मद का बुखार उतार दिया था। अब जनता ने नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी और बड़बोले सह प्रभारी नितिन नबीन की भी भद्द पिटना सुनिश्चित कर दिया है।

Back to top button