रायपुर। प्रदेश सरकार द्वारा धान खरीदी को लेकर दिए गए आदेश पर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि भाजपा के लगातार मांग और दवाब के कारण ही आखिरकार प्रदेश सरकार ने धान खरीदी को लेकर किसानों के हित में आदेश दिया है।
हम लगातार किसानों के हितों की मुद्दे उठाकर प्रदेश सरकार को उचित फैसला लेने को विवश कर रहे हैं। यही कारण है कि अब कांग्रेस सरकार को हमारी मांगों के समाने झुकना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आखिर प्रदेश सरकार ने भाजपा के कार्यकर्ताओं के दवाब के सामने किसानों के हित में देर से ही सही, मगर सही फैसला लिया है। पूरे प्रदेश में किसानों के धान की खरीदी के नाम पर कांग्रेस केवल सियासत कर रही थी लेकिन किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा था।
उन्होंने कहा कि 19 मार्च को जो टोकन जारी किया गया था, उस धान को खरीदने में प्रदेश सरकार की रुचि नहीं थी। इस मुद्दे पर सदन से सड़क तक हमने किसानों की आवाज को बुलंद किया था। इसके बाद ही प्रदेश सरकार ने धान खरीदने का फैसला लिया है।
नेता प्रतिपक्ष श्री कौशिक ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर भाजपा ने पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया। इसी कारण प्रदेश सरकार अब यह फैसला लेने को विवश हुई है। श्री कौशिक ने कहा कि इस फैसले को प्रदेश सरकार पहले ले लेती तो किसानों और नुकसान नहीं होता।
यह फैसला किसानों और छत्तीसगढ़ की जनता की जीत है। हम इसी तरह जनहित के मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर सही फैसला लेने को विवश करते रहेंगे।
Add Comment