छत्तीसगढ़स्लाइडर

VIDEO: रायगढ़ गैस रिसाव पीड़ित 3 मरीजों को लाया गया रायपुर…सभी की हालत गंभीर…CM ने दिए ये निर्देश…

रायपुर। रायगढ़ में कल हुए गैस रिसाव से पीडि़त 3 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर लाया गया है। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है। ये सभी कल डेढ़ माह से बंद रायगढ़ के शक्ति पेपर मिल में सफाई के दौरान हानिकारक गैस के सम्पर्क में आ गए थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर रायगढ़ कलेक्टर यशवंत कुमार पुलिस अधीक्षक संतोष सिंग के साथ रायगढ़ जिले के तेतला स्थित शक्ति पेपर मिल में हानिकारक गैस के संपर्क में आकर बीमार हुए मजदूरों से मिलने संजीवनी अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने चिकित्सकों से भर्ती मजदूरों का हाल जाना।



कलेक्टर यशवंत कुमार द्वारा मजदूरों के परिजनों व अस्पताल प्रबंधन से चर्चा कर 3 को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफेर किये जाने की व्यवस्था करवाई गई।

कलेक्टर ने मिल संचालक को स्पष्ट निर्देश दिया है कि व्यक्तिगत रूप से घायलों के साथ रायपुर जाकर उनका पूरा इलाज कराए। साथ ही रेड क्रॉस और प्रशासन की ओर से एक पटवारी को भी रेफेर किये मजदूरों के साथ रायपुर जाने के लिए निर्देशित किया।



इस मौके पर कलेक्टर ने मजदूरों के परिजनों से कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि घायलों का अच्छे से इलाज हो।

मिली जानकारी अनुसार पुसौर के तेतला में शक्ति पेपर मिल जिसमे पेपर को रिसायकल करने का कार्य किया जाता है। लॉकडाउन के दौरान बंद इस मिल को पुन: प्रारम्भ करने से पूर्व मजदूर रिसायकल चैम्बर की सफाई कर रहे थे।



इसी दौरान हानिकारक गैस के संपर्क में आने पर मजदूरों की तबियत बिगडऩे लगी। जिस पर उन्हें इलाज के लिए रायगढ़ के संजीवनी चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। भर्ती करवाये गए कुल 07 मजदूरों में 3 मजदूरों डोलामणि सिदार, सुरेंद्र गुप्ता, अपधर मालाकार को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफेर किया गया

जिसके लिए प्रशासन द्वारा एम्बुलेंस तथा अन्य व्यवस्थाएं करवाई गई। शेष 4 मजदूर पुरन्धन कुमार, अनिल कुमार, निमाणी भोय, रंजीत सिंग का इलाज संजीवनी में ही जारी रहेगा।



जिसके लिए संजीवनी अस्पताल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान एडिशनल एसपी अभिषेक वर्मा, एसडीएम रायगढ़ युगल किशोर उर्वशा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एस एन केशरी भी मौजूद रहे।

Back to top button
close