सशस्त्र नक्सलियों ने किया व्यापारियों को अगवा, दोबारा दुकानें नहीं लगाने की चेतावनी के साथ छोड़ा गया…

सुकमा। नक्सलियों ने रविवार को व्यापारियों को अगवा कर उन लोगों से मारपीट किए जाने की घटना उजागर हुई है। हांलाकि नक्सलियों ने इन व्यापारियों को जगरगुंडा बाजार नही जाने की धमकी देते हुए रिहा भी कर दिया। पुलिस के मुताबिक रविवार जगरगुंडा का साप्ताहिक बाजार था। व्यापारी बाजार समाप्ति के बाद अपने घर के लिए लौट रहे थे। ग्राम चिंतलनार के समीप जंगल में वर्दीधारी सशस्त्र नक्सलियों ने व्यापारियों के वाहन को रोक लिया और उन्हें बंदूक की नोंक पर अगवा कर जंगल की ओर ले गए।
लगभग दो घंटे तक व्यापारियों को अपने कब्जे में रखकर लाठी डंडो से पीटा गया। तत्पश्चात इस चेतावनी के साथ कि आगे वे लोग जंगरगुंडा में दुकानें नहीं लगाएंगे, रिहा कर दिया। नक्सलियों ने यह भी धमकी दी है कि यदि व्यापारियों ने जगरगुंडा साप्ताहिक बाजार बंद नहीं किया तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। घटना से व्यापारियों में दहशत है।
यहाँ भी देखे – मासूमों से रेप पर फांसी का कानून लागू, राष्ट्रपति ने अध्यादेश को दी मंजूरी