भिलाई। एक महिला को मजाक में ये कहना भारी पड़ गया कि उसका कोई दूसरा पति भी है। उस समय उसका पति भी घर पर ही मौजूद था। दूसरे पति का नाम सुनते ही वो आगबबूला हो गया और अपने पत्नी की जमकर धुनाई कर दी। घटना के बाद पत्नी थाने पहुंची और उसने अपने पति के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कराया है। पुलिस ने बताया कि बीआरपी कॉलोनी मरोदा निवासी 35 वर्षीय प्रार्थिया ने अपने पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रार्थिया दूसरों के घरों पर झाड़ू-पोंछा का काम करती है। शुक्रवार को वो काम पर जा रही थी, लेकिन रास्ते में पुलिस को देखकर वापस घर लौट गई। रास्ते में महिला की एक सहेली मिली और उसने मास्क लगाने की बात कहते हुए उसे एक मास्क दिया। प्रार्थिया वही मास्क लगाकर घर गई और घर पर मौजूद उसकी बेटी ने मास्क के बारे में पूछा। प्रार्थिया ने मजाक में अपनी बेटी से कह दिया कि उसके दूसरे पापा ने मास्क दिया है।