छत्तीसगढ़

झमाझम बारिश के बाद मौसम हुआ सुहावना, उमस और गर्मी से मिली राहत

रायपुर। राजधानी रायपुर में आज दोपहर बाद एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदला। दोपहर बाद आसमान में उमड़ रहे बादल घने होते गए और देखते ही देखते जोरदार हवा चलने लगी। इसके साथ ही भयंकर गर्जना के साथ करीब एक घंटे हुई बारिश से मौसम काफी सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने कल भी मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के नियमित रिपोर्ट की माने तो इस समय दक्षिणी उत्तरप्रदेश और इससे लगे मध्यप्रदेश के ऊपर से होकर एक मानसूनी द्रोणिका बिहार, झारखंड से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। यह द्रोणिका वर्तमान में 0.9 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय बना हुआ है। इसके अलावा एक चक्रवात जो कि पूर्वी बिहार और इसके आसपास के क्षेत्रों में बना है, आज भी सक्रिय है। यह 1.5 किमी से लेकर 3.1 किमी की ऊंचाई पर बना हुआ है। इधर पूर्वी यूपी से लेकर विदर्भ तक बनी द्रोणिका आज कमजोर हो गई है।


मौसम वैज्ञानिकों की माने तो द्रोणिका और चक्रवात के असर से प्रदेश में काफी मात्रा में नमीयुक्त हवा आने का क्रम बना हुआ है। दिन में तेज धूप के चलते और स्थानीय प्रभावों के सक्रिय होते ही दोपहर बाद मौसम का मिजाज तेजी से बदला। चिलचिलाती धूप के बीच आसमान में अचानक बादल घने हो गए और इसके साथ ही तेज गर्जना के साथ जोरदार बौछारें शुरू हो गई। बहरहाल आज दोपहर बाद राजधानी में हुई तेज बारिश के बाद उमस और गर्मी से बेहाल लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग ने कल भी इसी तरह के हालात बनने की संभावना जताई है।

यहाँ भी देखे – तीन माह से नहीं मिला वेतन, आर्थिक संकट से जूझ रहे शिक्षाकर्मी

Back to top button
close