महाराष्ट्र में कोरोना से एक और मरीज की मौत गई है। 63 साल के एक मरीज ने बीती रात बीमारी के चलते दम तोड़ दिया। इससे पहले बिहार में एक मरीज की मौत हुई। पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 31 मार्च तक राज्य में लॉकडाउन का आदेश दिया हैं।देश में कोरोना वायरस का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। पहले की तुलना में कोरोना वायरस तेजी से फैल रहा है। फिलहाल देश में कोरोना वायरस के 327 मामले सामने आ चुके हैं। covidout.in वेबसाइट के मुताबिक देश में 327 मरीजों में अब तक कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 300 मरीज फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं 23 मरीज अस्पताल से ठीक होकर घर जा चुके हैं। भारत में अब तक 6 लोगों की इस वायरस के कारण मौत हो चुकी है। दुनियाभर में कोरोना वायरस के कारण संक्रमित मरीजों की संख्या 3 लाख से ऊपर पहुंच चुकी है।170 से ज्यादा देशों तक फैल चुके इस घातक वायरस के कारण अब तक 13 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
कोरोना की आशंका से 63 साल के व्यक्ति की मौत
मुंबई के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 63 साल के कोविड-19 के एक मरीज ने बीती रात बीमारी के चलते दम तोड़ दिया। कोरोना वायरस के पॉजिटिव पाया गए रोगी को मधुमेह, उच्च रक्तचाप और इस्केमिक हृदय रोग जैसी बीमारियां थीं।
भारत में 324 हुई संक्रमित मरीजों की संख्या
भारत में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 324 हो गई है। आज देश में आठ नए मामले सामने आए हैं। इनमें 283 भारतीय और 41 विदेशी शामिल हैं। वहीं, 24 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं जबकि चार लोगों की मौत हुई है।
इटली से भारत पहुंचे 263 भारतीय छात्र
इटली के रोम से उड़ान भरने वाले 263 भारतीय छात्रों को लेकर विशेष एयर इंडिया की उड़ान दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंच गई है।
जनता कर्फ्यू में पीएम मोदी द्वारा दिए गए दिशानिर्देशों का पालन करें: जेपी नड्डा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज हमें एकजुट होकर कोविड-19 संक्रमण के खिलाफ एक बड़ी लड़ाई लड़ने की जरूरत है। ‘जनता कर्फ्यू’ लोगों के स्वास्थ्य के लिए लोगों द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम है। मैं आप सभी से निवेदन करता हूं कि जनता कर्फ्यू के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए दिशानिर्देशों का पालन करें।
इटली से भारत के लिए रवाना हुए 263 भारतीय
इटली में भारत का दूतावास ने कहा कि ईरान में फंसे 263 भारतीय छात्रों को रोम से लाने के लिए विशेष एयर इंडिया की उड़ान भारत के लिए रवाना हो गई है।
असम कोरोना से पूरी तरह महफूज
असम के मंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि चार साल का बच्चा जो कोविड 19 संदिग्ध था उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। असम में अभी तक कोई भी कोरोनो का पॉजिटिव केस नहीं है।
राजस्थान में 31 मार्च तक पूर्ण लॉकडाउन, केवल जरूरी सेवाओं को छूट
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को 31 मार्च तक के लिए आवश्यक सेवाओं को छोड़कर राज्य में पूर्ण लॉकडाउन का निर्देश दिया। कोरोना पर अंकुश पाने के लिए 22 मार्च से 31 मार्च तक जरूरी सेवाओं और मेडिकल सेवाओं को छोड़कर ‘पूर्ण लॉकडाउन’ होगा। गहलोत ने शीर्ष अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्यालय, मॉल फैक्टरियां, सार्वजनिक परिवहन आदि इस दौरान बंद रहेंगे।
Add Comment