नक्सलियों की नजर अब छात्राओं पर…टीम में शामिल कर हमलों के लिए कर रहे तैयार…

जगदलपुर। नक्सली अब हमलों के लिए अपनी नई टीम बना रहे हैं। इस नई टीम में विशेष तौर पर छात्राओं को स्थान दिया जा रहा है। नक्सलियों की नजर हर स्कूल, हॉस्टल और आश्रम में पढऩे वाली छात्राओं पर है। यह खुलासा पिछले दिनों गिरफ्तार एक महिला नक्सली ने की है।
नारायणपुर में बड़े पैमाने पर बच्चों को नक्सलवाद से जोडऩे और बाल सेना बनाने की खबरों के बीच अब दंतेवाड़ा से भी चौकाने वाली खबरें आई हैं। गिरफ्तार की गई महिला नक्सली की माने तो नक्सलियों की नजर दंतेवाड़ा जिले के हर स्कूल, हॉस्टल और आश्रम में पढऩे वाली छात्राओं पर है।
नेलसनार कन्या आश्रम में रहकर चौथी तक पढ़ाई करने के बाद पढ़ाई छोड़ नक्सल संगठन में शामिल हुई गिरफ्तार महिला नक्सली अनिता पोयाम ने खुलासा किया है कि आश्रम-हॉस्टल में पढऩे वाली लड़कियां पढ़ाई छोड़ नक्सल संगठन में शामिल हो रही हैं।
भैरमगढ़ एरिया कमेटी की सदस्य बेलनार की रहने वाली अनिता ने बताया कि नेलसनार कन्या आश्रम में उसने चौथी तक की पढ़ाई की है। इसके बाद पढ़ाई छोड़ घर पर ही रहने लगी। माता पिता के साथ ईंट भट्टे में मजदूरी करने लगी। तभी नक्सली कमांडर सोनारू संपर्क में आया, उसने उसे भी नक्सली संगठन में शामिल किया।
वह साल भर से नक्सल संगठन से जुड़कर काम कर रही हैं। अनिता ने यह भी बताया कि इसके अलावा इसी आश्रम की 4-5 लड़कियां नक्सल संगठन में शामिल हुई हैं। इसमें सीमा, लक्ष्मी सहित अन्य लड़कियां हैं। सभी पढ़ाई छोड़ नक्सलियों के लिए काम कर रही हैं।
अनिता ने यह भी बताया कि नेलसनार ही नहीं बल्कि और भी हॉस्टल व आश्रम, स्कूल में पढऩे वाली लड़कियों को नक्सली कमांडर द्वारा जबरन नक्सल संगठन से जोड़ा जा रहा है। इनमें से कुछ चुनिंदा लड़कियों को हथियार चलाने की ट्रेनिंग दी जा रही है।
यह भी देखें : राजनांदगांव-महाराष्ट्र सीमा पर मुठभेड़…भारी मात्रा में नक्सल साहित्य बरामद…