छत्तीसगढ़स्लाइडर

देवकर नगर पंचायत के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन…कहा भाजपा की जीत सत्तावादी भय और आतंक पर जनता के मनोबल की जीत… प्रदेश सरकार की मंशा नहीं कि किसानों का पूरा धान खरीदे…

देवकर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आश्वस्त किया है कि नगर पंचात अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षद मिलकर देवकर के विकास के लिये काम करेंगे। देवकर नगर पंचायत में भाजपा की जीत सत्तावादी भय और आतंक पर जनता के मनोबल की जीत है। मंगलवार को देवकर नगर पंचायत के शपथ ग्रहण समारोह को सम्बोधित करते हुए डॉ. सिंह ने निकाय में भाजपा की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला पंचायत के होने वाले चुनावों में भी क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी विजयी होंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने देवकरवासियों को भरोसा दिलाया कि जिस विश्वास के साथ उन्होंने भाजपा को विजयी बनाया है, भाजपा के पार्षद उस विश्वास पर खरा उतरेंगे। अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की धान-खरीद नीति और प्रक्रिया पर हमला बोलते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों का पूरा धान खरीदने की मंशा नहीं रख रही है और प्रदेश के अन्नदाता किसान अपना धान बेचने के लिये कदम-कदम पर अपमानित किये जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने किसानों को न केवल ठगा है अपितु किसानों का धान मण्डी, खेत-खलिहान तक पुलिस भेजकर जब्त किया जा रहा है।



किसानों के आत्मसम्मान की रक्षा करने के बजाय सरकार उन्हें चोर साबित करने पर उतारु है। किसानों के खेत का रकबा भी यह सरकार घटा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास की भी कोई मंशा नहीं रखती। न तो उसके पास प्रदेश के विकास का कोई रोडमैप है और न ही कोई बजट प्रावधान है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने जनघोषणा पत्र में किये गये वादों में से एक भी पूरा नहीं कर सकी है।

गंगाजल हाथ में लेकर कर्जामाफी, बोनस भुगतान और 25 सौ रूपए में धान खरीदने की कसमें खायी जो झूठी साबित हो रही हैं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की शराबबन्दी के मामले में विफलता पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इसी तरह नरवा-गरुवा-घुरवा-बारी योजना भी भर्राशाही की भेंट चढ़ गई है। गौठानों में गौवंश अकाल मौत के मुँह में जा रहे हैं।


WP-GROUP

प्रदेश कंगाली के कगार पर है क्योंकि पिछले 13 महीनों के अपने कार्यकाल में इस सरकार ने प्रदेश पर 14 हजार करोड़ का कर्ज लाद दिया है। डॉ. सिंह ने अपने संबोधन में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भ्रम फैलाने की राजनीति करने पर कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों को निशाने पर लिया और कहा कि यह कानून किसी की नागरिकता छीनने वाला नहीं अपितु वर्षों से यहाँ बिना नागरिक सम्मान के शरणार्थी के रूप में यातनापूर्ण जीवन व्यतीत कर रहे पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के प्रताडि़त अल्पसंख्यकों को नागरिकता प्रदान करने वाला है। इस मौके पर सांसद विजय बघेल, पूर्व विधायक लाभचन्द बाफना, नपं अध्यक्ष श्रीमती जांत्री साहू, नपं उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, जिला भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, अवधेश चन्देल, दीपक ताराचन्द साहू, राजेन्द्र ठाकुर, चन्द्रप्रकाश शर्मा, लाल शौर्यजीत सिंह, कमलेश साहू, नरेश साहू, श्रीमती मधु ठाकुर व ज्वाला सिंह ठाकुर आदि मंचस्थ थे।

यह भी देखें : 

राज्य वीरता पुरस्कार के लिए चयनित हुए 4 बहादुर बच्चे….जूरी समिति की बैठक ने लिया निर्णय…

Back to top button
close