क्राइमछत्तीसगढ़स्लाइडर

कृषि विभाग के कर्मी की संदिग्ध अवस्था में मिली लाश… परिजनों ने जताया हत्या का संदेह…

कोरबा: कटघोरा की सिंचाई कॉलोनी में रहने वाले कृषि विभाग के कर्मी का शव बुधवार को घर के अंदर संदिग्ध परिस्थिति में मिला। परिजन ने घटना के पीछे हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है। मूलत:जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा का 36 वर्षीय राजेश मिरचंद कृषि विभाग में सहायक ग्रेड-3 कर्मी था।

वह कटघोरा में पदस्थ था। बुधवार को कटघोरा पुलिस को घर में राजेश के मृत हालत में पड़े होने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने बताया कि मृतक राजेश की पत्नी दीपवंती शोक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शनिवार को कवर्धा गई थी। इस दौरान राजेश अकेला घर में था। बुधवार को पत्नी दीपवंती कवर्धा से घर लौटी। तब मकान का दरवाजा अंदर से बंद था।

आवाज लगाने पर भी दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोडक़र वह अंदर दाखिल हुई, जहां कीचन में राजेश मृत हालत में पड़ा था। शार्ट पीएम रिपोर्ट में सिर पर चोट होना बताया गया। पुलिस को आशंका है कि गिरने की वजह से सिर पर चोट लगने से राजेश की मौत हुई होगी। कटघोरा थाना प्रभारी अविनाश सिंह के मुताबिक मामले में जांच-पड़ताल जारी है।

परिजन को पत्नी और रिश्तेदारों पर संदेह:-राजेश के परिजन मामले को घटना मानने की बजाए सुनियोजित साजिश से हत्या की आशंका जता रहे हैं। उनके मुताबिक शादी के बाद से ही राजेश और उसकी पत्नी दीपवंती के बीच अक्सर विवाद होता था। उनका रिश्ता ठीक नहीं चल रहा था। इसलिए उन्होंने पत्नी द्वारा अपने रिश्तेदारों की मदद से साजिश रचते हुए राजेश की हत्या कराने का आरोप लगाते हुए पुलिस ने बारीकी से जांच की मांग की है।

Back to top button
close